नेपाल–भारत आर्थिक सहकार्य सहज और परिणाममुखी बनाने पर जोर | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

International

नेपाल–भारत आर्थिक सहकार्य सहज और परिणाममुखी बनाने पर जोर

Date : 21-Feb-2026

 काठमांडू, 21 फ़रवरी । नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ के अध्यक्ष चन्द्रप्रसाद ढकाल ने नेपाल–भारत आर्थिक सहयोग को और अधिक परिणाममुखी बनाने पर जोर दिया है।

नई दिल्ली में शुरू हुए ‘द्वितीय इंडो–नेपाल व्यापार महोत्सव 2026’ को शनिवार को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के बीच सरल कस्टम प्रक्रिया, मानकों का समन्वय, डिजिटल व्यापार प्रणाली का सुदृढ़ीकरण तथा लघु एवं मध्यम उद्योगों को वित्तीय पहुँच और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण में सहूलियत प्रदान की जानी चाहिए।

ढकाल ने कहा कि भारत, नेपाल का सबसे बड़ा व्यापार साझेदार और प्रमुख निवेश स्रोत है। उन्होंने उल्लेख किया कि खुली सीमा, सांस्कृतिक निकटता और जनस्तर के संबंधों ने दोनों देशों की साझेदारी को विशिष्ट बनाया है।

उन्होंने वैश्विक अर्थव्यवस्था में अनिश्चितता और आपूर्ति शृंखलाओं में अवरोध की स्थिति का उल्लेख करते हुए पड़ोसी देशों के बीच सहयोग को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया। उनका कहना था कि भारत के हालिया केंद्रीय बजट में अवसंरचना, डिजिटल कनेक्टिविटी, हरित ऊर्जा तथा लघु एवं मध्यम उद्योगों के प्रोत्साहन को दी गई प्राथमिकता नेपाल के लिए भी नए अवसर सृजित कर सकती है।

अध्यक्ष ढकाल ने जानकारी दी कि नेपाल जलविद्युत संसाधनों में समृद्ध है और भारत को बिजली निर्यात शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि उपयुक्त प्रसारण लाइन और नीतिगत स्थिरता सुनिश्चित होने पर नेपाल भारत का विश्वसनीय हरित ऊर्जा साझेदार बन सकता है।

उन्होंने पर्यटन क्षेत्र में नेपाल की प्राकृतिक सुंदरता, साहसिक और आध्यात्मिक गंतव्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि होटल, रिसॉर्ट और केबल कार परियोजनाओं में निवेश के अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा, “नेपाल में ऊर्जा, पर्यटन, औद्योगिक क्षेत्र, विशेष आर्थिक क्षेत्र, सीमा-पार लॉजिस्टिक्स, कृषि प्रसंस्करण, औषधि उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक संभावनाएँ हैं। इन क्षेत्रों में निवेश के लिए मैं भारतीय निवेशकों से आग्रह करता हूँ।”

नेपाल के निजी क्षेत्र द्वारा सदैव राजनीतिक स्थिरता और आर्थिक अनुशासन के पक्ष में आवाज उठाने का उल्लेख करते हुए ढकाल ने कहा कि दीर्घकालीन निवेशकों का विश्वास बनाए रखने के लिए नेपाल में नीतिगत सुधार जारी हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि इंडो–नेपाल व्यापार महोत्सव केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सद्भावना को व्यावसायिक साझेदारी में परिवर्तित करने का एक मंच है। अध्यक्ष ढकाल ने हरित ऊर्जा, डिजिटल सेवाएँ, पर्यटन और विनिर्माण क्षेत्र में ठोस सहयोग आगे बढ़ाने के लिए भारतीय उद्योगपतियों एवं निवेशकों से आह्वान किया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement