भुवनेश्वर, 12 मई । संत कवि भीम भोई की जयंती के अवसर पर मंगलवार को ओडिशा विधानसभा की अध्यक्ष सुरमा पाढी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने विधानसभा परिसर के समीप स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया।
विधानसभा अध्यक्ष पाढी ने कहा कि संत कवि भीम भोई ओड़िया समाज के लिए एक आदर्श व्यक्तित्व हैं। उन्होंने कहा कि “प्राणियों के असीम दुख को देखकर मेरा जीवन भले ही नरक में चला जाए, लेकिन जगत का उद्धार हो” जैसी उनकी महान विचारधारा आज भी करोड़ों लोगों को प्रेरित कर रही है।उनकी शिक्षाएं और मानवीय संदेश समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
कार्यक्रम में ओड़िया भाषा, साहित्य एवं संस्कृति मंत्री सूर्यवंशी सूरज, ओडिशा विधानसभा के सचिव सत्यव्रत राउत तथा ओड़िया भाषा, साहित्य एवं संस्कृति विभाग की उपनिदेशक देवजानी भूयां सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने उपस्थित रहकर संतकवि भीम भोई को श्रद्धांजलि अर्पित की।
