चेन्नई, 12 मई । फिल्म अभिनेता और तमिलनाडु के “दलपति” के नाम से मशहूर विजय की विधानसभा में चुनावी जीत की भविष्यवाणी करने वाले ज्योतिषी अब तमिलनाडु के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) नियुक्त किए गए हैं।
ज्योतिषी राधन पंडित वेट्रिवेल ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले ही सी जोसेफ विजय की पार्टी टीवीके की जीत की भविष्यवाणी की थी। उनकी भविष्यवाणी के अनुसार टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और विजय मुख्यमंत्री बने। शुरुआत से ही वे विजय को सलाह देते आ रहे थे। अब विजय के तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने के बाद ज्योतिषी राधन की किस्मत भी बदल गई है और उन्हें मुख्यमंत्री का विशेष कार्याधिकारी नियुक्त किया गया है।
गौरतलब है कि तमिलनाडु के राज्यपाल ने शुरुआत में सरकार गठन की अनुमति नहीं दी थी, लेकिन बाद में समर्थन देने वाले विधायकों के हस्ताक्षरों के पत्र के साथ विजय ने राज्यपाल से फिर मुलाकात की और 10 मई को सी जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
उस दिन पहले शपथ ग्रहण का समय दोपहर 3:45 बजे तय किया गया था, लेकिन ज्योतिषी की सलाह पर इसे बदलकर सुबह 10 बजे कर दिया गया।बताया जाता है कि केवल विजय ही नहीं, बल्कि पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता सहित कई बड़े राजनेता भी ज्योतिषी राधन पंडित वेट्रिवेल से भविष्यवाणी और सलाह लेते रहे हैं। विजय की जीत के बाद वेट्रिवेल ने उनके घर जाकर बधाई भी दी थी।
पिछले चार दशकों से ज्योतिष के क्षेत्र में सक्रिय वेट्रिवेल ने कई बड़े राजनीतिक नेताओं के लिए भविष्यवाणी की है। हालांकि, वे खुद राजनीति में आएंगे या नहीं, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। यह भी बताया जाता है कि पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता भी वेट्रिवेल से सलाह लेने के बाद ही कई महत्वपूर्ण फैसले लिया करती थीं।
