तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश में बारिश की संभावना | The Voice TV

Quote :

सपनों को हकीकत में बदलने से पहले, सपनों को देखना ज़रूरी है – डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम

National

तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश में बारिश की संभावना

Date : 10-Nov-2022

 कानपुर, 10 नवम्बर (हि.स.)। अगले 24 घंटों के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में हल्की तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। रायलसीमा और केरल में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। यह बातें गुरुवार को चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने कही।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और लक्षद्वीप में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश संभव है। गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और जम्मू कश्मीर में छिटपुट हल्की बर्फबारी हो सकती है। शुष्क और ठंडी उत्तर पश्चिमी हवाओं की शुरुआत के साथ 11 और 12 नवम्बर को कानपुर मण्डल उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान गिर सकता है।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 29.0 और न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 96 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 59 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 1.2 किमी प्रति घंटा रही। भारतीय मौसम विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के साथ अगले 48 घंटे के बाद उत्तर पश्चिमी शुष्क शर्द हवाओं के भी चलने के आसार हैं किंतु वर्षा की कोई संभावना नहीं है।

देश भर में मौसम प्रणाली

बताया कि निम्न दबाव का क्षेत्र अब श्रीलंका तट के पास दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 7.6 किमी तक फैला हुआ है। इसके और तेज होने और उत्तर पश्चिम दिशा में तमिलनाडु तट की ओर बढ़ने की संभावना है। एक ट्रफ रेखा बंगाल की मध्य खाड़ी से बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में कम दबाव के क्षेत्र से जुड़े चक्रवाती परिसंचरण तक औसत समुद्र तल से 4.5 किमी ऊपर फैली हुई है। पश्चिमी विक्षोभ को उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू कश्मीर पर पछुआ हवाओं में एक ट्रफ रेखा के रूप में देखा जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय सिंह

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload










Advertisement