जबलपुर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया स्वागत | The Voice TV

Quote :

सपनों को हकीकत में बदलने से पहले, सपनों को देखना ज़रूरी है – डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम

National

जबलपुर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया स्वागत

Date : 15-Nov-2022

 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे वायुसेना के विशेष विमान से जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पहुंचीं। यहां राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनका स्वागत कर अगवानी की। प्रदेश के राजस्व मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारियों ने भी राष्ट्रपति का स्वागत किया।

राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद द्रौपदी मुर्मू का यह मध्य प्रदेश में पहला दौरा है। वे शहडोल में जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होंगी। राष्ट्रपति जबलपुर से वायुसेना के विशेष हेलीकाफ्टर से शहडोल के लिए रवाना हो गई हैं। राज्यपाल पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उनके साथ शहडोल के रवाना हुए।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट के माध्यम से कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का मध्यप्रदेश में प्रथम आगमन हमारे लिए गौरव व हर्ष का विषय है। राष्ट्रपति, आज आपके जनजातीय गौरव दिवस पर मध्यप्रदेश पधारने से हम मध्यप्रदेशवासी अभिभूत हैं। आपके आगमन के लिए आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस मनाने के पीछे हमारा पुनीत उद्देश्य है कि देश व जनजातीय समाज के गौरव, गरिमा और अस्मिता को अक्षुण्य रखने के लिए आत्मोसर्ग करने वाली महान विभूतियों की यशगाथा को आने वाली पीढ़ियां आत्मसात कर पाएं, उनके योगदान का स्मरण करें।

शहडोल के लालपुर में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्वारा प्रदेश में पेसा एक्ट लागू किया जाएगा। समारोह में एक लाख से ज्यादा जनजातीय बंधुओं के पहुंचने की संभावना है। प्रदेश के अन्य जिलों से 2500 बसों के माध्यम से यहां जनजातीय समाज के लोगों को लाने की व्यवस्था की गई है। वहीं, समारोह स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यहां पुलिस के 2500 से अधिक जवान तैनात है। इनमें बम स्कवॉड, एसपीजी और अन्य जिलों से आया हुआ पुलिस बल शामिल है। इसके साथ ही लगभग 100 राजपत्रित अधिकारी व 20 आईपीएस अधिकारी शहडोल पहुंच चुके हैं।

कार्यक्रम में राज्यपाल मंगू भाई पटेल, केंद्रीय मंत्री जनजाति कार्य मंत्रालय अर्जुन मुंडा, केंद्रीय राज्यमंत्री इस्पात एवं ग्रामीण विकास फग्गन सिंह कुलस्ते, मंत्री मीना सिंह मंडावे जनजाति कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण, वनमंत्री कुंवर विजय शाह, बिसाहूलाल सिंह मंत्री खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, मंत्री प्रेमसिंह पटेल पशुपालन तथा सामाजिक न्याय एवं निशक्तजन, शहडोल सांसद हिमाद्रि सिंह सहित अन्य कई व्हीआईपी जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload










Advertisement