मुरादाबाद, 05 फरवरी । ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 14 फरवरी से शुरू हो रहे निर्यात मेले की तैयारी तेजी चल रही है। अमेरिका के टैरिफ में किए गए बदलाव के बीच इस मार्ट के आयाेजन काे लेकर उत्तर प्रदेश की पीतल नगरी मुरादाबाद के निर्यातकाें में भी उत्साह है।
भारतीय हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसीएच) के चेयरमैन डाॅ नीरज विनोद खन्ना ने गुरुवार को बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारतीय टैरिफ में की गई कटौती के बाद देशभर के निर्यातकों में ग्रेटर नोएडा में 14 फरवरी से शुरू हो रहे निर्यात मेले को लेकर उत्साह है। क्योंकि बीते 4 से 5 माह में निर्यात कारोबार पर मंदी के बादल छाए हुए थे। निर्यात मेले को लेकर उन्होंने बताया कि अमेरिका समेत प्रमुख देशों के बड़े खरीदारों व स्टोर संचालकों की मौजूदगी की आस के साथ मेले की व्यवस्थाएं निर्धारित की जा रही हैं।
ईपीसीएच के चेयरमैन डॉ. खन्ना ने अमेरिकी टैरिफ की बड़ी मार से राहत को भारत की बड़ी कूटनीतिक जीत बताया है। उनका कहना है कि टैरिफ दर 18 प्रतिशत होने के साथ-साथ इंडिया-यूएस आर्थिक पार्टनरशिप से भी भारतीय कारोबार को काफी फायदा मिलेगा, विशेषकर हस्तशिल्प और टैक्सटाइल सेक्टर के लिए। आईएचजीएफ दिल्ली फेयर में बड़े यूएस ब्रांड और खरीदारों की मौजूदगी सुनिश्चित होगी। मुरादाबाद के निर्यातकों का काम ही नहीं जोश भी बढ़ेगा। अब ईपीसीएच टीम नई परिस्थितियों के हिसाब से निर्वात मेलों की रणनीति तय करेगी।
