कोरबा, 05 फरवरी । ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित मातृत्व और नवजात शिशु संरक्षण की दिशा में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भिलाई बाजार ने एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के निरंतर प्रयासों के चलते यहां महज 36 घंटे के भीतर चार गर्भवती महिलाओं का सफल और सुरक्षित सामान्य प्रसव कराया गया। इस उपलब्धि से शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं पर आमजन का भरोसा और अधिक मजबूत हुआ है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एस.एन. केशरी के नेतृत्व में जिलेभर के स्वास्थ्य केन्द्रों में संस्थागत प्रसव को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी कड़ी में कटघोरा विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भिलाई बाजार में शांति (अंडीकछार), प्रीति (रलिया), कोमल (रिस्दी) और सकीना (उम्मेदी भाठा) का सुरक्षित सामान्य प्रसव कराया गया। इनमें एक आरएच- गर्भवती महिला का सफल प्रसव भी स्वास्थ्य टीम की सजगता, तत्परता और विशेषज्ञ देखभाल का प्रमाण है।
प्रसव के बाद सभी जच्चा और नवजात पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें निरंतर चिकित्सकीय निगरानी एवं आवश्यक देखभाल प्रदान की जा रही है। परिजनों ने गांव के नजदीक ही सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण प्रसव सुविधा मिलने पर स्वास्थ्य विभाग के प्रति संतोष और विश्वास व्यक्त किया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एसएन केशरी ने गुरुवार को बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भिलाई बाजार में 24×7 सामान्य प्रसव की सुविधा उपलब्ध है। यहां प्रतिमाह औसतन 15 से 20 सामान्य प्रसव कराए जा रहे हैं। अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 तक कुल 194 संस्थागत सामान्य प्रसव सफलतापूर्वक कराए जा चुके हैं। यह सफलता चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाॅफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के बेहतर समन्वय और टीमवर्क का परिणाम है।
इस उपलब्धि पर कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एसएन केशरी ने स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों को बधाई दी। साथ ही नागरिकों से अपील की कि गर्भवती महिलाओं का प्रसव निकटतम शासकीय स्वास्थ्य केन्द्रों में ही कराएं, ताकि मां और नवजात दोनों सुरक्षित रह सकें और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।
