हिमाचल प्रदेश में एक हफ्ते तक मौसम साफ, बर्फबारी के आसार खत्म | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

हिमाचल प्रदेश में एक हफ्ते तक मौसम साफ, बर्फबारी के आसार खत्म

Date : 15-Feb-2026

 शिमला, 15 फ़रवरी। हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मौसम का मिजाज नहीं बदलेगा। मौसम विभाग ने ताज़ा पूर्वानुमान में कहा है कि 15 से 21 फ़रवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। इससे पहले विभाग ने 17 और 18 फ़रवरी को ऊंचे इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई थी, लेकिन अब जारी अपडेट में मौसम के पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है।

विभाग के अनुसार 16 फ़रवरी को एक ताज़ा वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, लेकिन इसका असर हिमाचल प्रदेश में नहीं दिखेगा। यानी राज्य में न तो बारिश होगी और न ही बर्फबारी की संभावना है। राज्य भर में रविवार को भी मौसम साफ बना हुआ है। राजधानी शिमला और पर्यटन स्थल मनाली में गुनगुनी धूप खिली है, जबकि निचले इलाकों में कहीं-कहीं हल्का कोहरा दर्ज किया गया।

तापमान के लिहाज़ से देखें तो जनजातीय इलाकों में अभी भी सर्दी का असर बना हुआ है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ताबो में -6.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। किन्नौर और ऊंचाई वाले अन्य क्षेत्रों में भी पारा शून्य के आसपास बना हुआ है।

मध्य और निचले पहाड़ी इलाकों की बात करें तो मनाली में 2.7 डिग्री, और सोलन में 4.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। सराहन में 4.7 डिग्री, सुंदरनगर में 5.7 डिग्री, भुंतर में 5.5 डिग्री और कांगड़ा में 6.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। मंडी में न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री, पालमपुर में 7.0 डिग्री और धर्मशाला में 7.2 डिग्री दर्ज किया गया।

राजधानी शिमला का न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो मंडी, कांगड़ा और सोलन से अधिक है। यही वजह है कि इन दिनों शिमला की रातें इन जिलों की तुलना में अपेक्षाकृत गर्म हो गई हैं। नाहन में 9.2 डिग्री, कसौली में 9.5 डिग्री और ऊना में 8.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। देहरा गोपीपुर में 13 डिग्री और नेरी में 11.7 डिग्री सेल्सियस के साथ निचले इलाकों में हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 1 डिग्री सेल्सियस ऊपर चल रहा है। बीते 24 घंटों में औसतन न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। लगातार साफ मौसम के कारण दिन के तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी हो रही है।

हालांकि जनवरी के आख़िरी पखवाड़े में राज्य में भारी बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश हुई थी, लेकिन उसके बाद से मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बना हुआ है। इस शीतकालीन मौसम में 1 जनवरी से अब तक राज्य में सामान्य से 22 फ़ीसदी कम वर्षा दर्ज की गई है।

फिलहाल मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक किसी तरह की चेतावनी नहीं है। न तो कोल्ड वेव की स्थिति है और न ही घने कोहरे का अलर्ट। ऐसे में पर्यटन और आम जनजीवन के लिहाज़ से मौसम अनुकूल बना रहने की उम्मीद है, लेकिन बर्फबारी की प्रतीक्षा कर रहे पर्यटन कारोबारियों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement