बलरामपुर, 15 फ़रवरी महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पूरा छत्तीसगढ़ का बलरामपुर जिला भक्ति और आस्था में डूबा नजर आया। रविवार की सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही जिले के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शिवलिंग पर जलाभिषेक और बेलपत्र अर्पित करने के लिए मंदिरों के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं।
रामानुजगंज स्थित प्राचीन शिव मंदिर में तड़के से ही भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। हर-हर महादेव के जयघोष, घंटा-घड़ियाल और मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालु जल, दूध और पुष्प अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करते नजर आए।
महाशिवरात्रि महोत्सव आयोजन समिति की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विशेष आयोजन किया गया है। काशी-वाराणसी से आए कलाकारों द्वारा भगवान भोलेनाथ की पारंपरिक बारात निकाली जाएगी। यह भव्य शिव बारात कन्हर तट स्थित प्राचीन शिव मंदिर से संगीतमय झांकियों के साथ नगर भ्रमण करती हुई मां महामाया मंदिर तक पहुंचेगी।
बारात में आकर्षक झांकियां, ढोल-नगाड़े और भक्ति गीतों की प्रस्तुति श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन समिति के अनुसार सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन के सहयोग से व्यापक तैयारियां की गई हैं।
महाशिवरात्रि के अवसर पर बलरामपुर जिले में श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठान, कीर्तन और भंडारे का सिलसिला जारी रहेगा।
