बेंगलुरु मेट्रो किराया बढ़ोतरी के विरोध में भाजपा ने किया प्रदर्शन | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

बेंगलुरु मेट्रो किराया बढ़ोतरी के विरोध में भाजपा ने किया प्रदर्शन

Date : 09-Feb-2026

 बेंगलुरु, 09 फ़रवरी । बेंगलुरु (नम्मा) मेट्रो के किराये में की गई बढ़ोतरी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को बेंगलुरु शहर के आर.वी. मेट्रो स्टेशन के समीप जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बेंगलुरु दक्षिण लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या और जयनगर विधायक सी.के. राममूर्ति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

प्रदर्शन से पहले पुलिस द्वारा निषेधाज्ञा और नोटिस जारी किए जाने के बावजूद भाजपा नेता और कार्यकर्ता मेट्रो स्टेशन के बाहर एकत्र हुए और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान सांसद तेजस्वी सूर्या एक खाली ट्रंक लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रंक खोलते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा और उसे “खाली सरकार” बताया। ट्रंक पर ‘खाली ट्रंक सरकार’ लिखा हुआ पोस्टर लगाया गया था, जो सरकार की कथित आर्थिक बदहाली का प्रतीक बताया गया।

जब पुलिस ने प्रदर्शन को रोकने का प्रयास किया, तब सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा, “मैं कोई प्रदर्शन नहीं कर रहा हूं, केवल एक खाली ट्रंक लेकर खड़ा हूं। मुझे कोई नहीं रोक सकता। संसद का सत्र चल रहा है, ऐसे समय में किसी सांसद को हिरासत में लेना उचित नहीं है। कानून को समझकर कार्रवाई की जानी चाहिए।”

इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और ट्रंक पर लगे पोस्टरों को हटा दिया। जयनगर विधायक सी.के. राममूर्ति को भी प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया।

प्रदर्शन की पूर्व सूचना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। आर.वी. मेट्रो स्टेशन और उसके आसपास 20 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसके अलावा, स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए कर्नाटक राज्य रिजर्व पुलिस (केएसआरपी) की एक टुकड़ी भी मौके पर मौजूद रही।

भाजपा नेताओं का आरोप है कि मेट्रो किराया बढ़ोतरी से आम यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा और राज्य सरकार जनविरोधी फैसले ले रही है। वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हिरासत की कार्रवाई की गई। हिरासत में लिए गए दोनों भाजपा नेताओं को छोड़ दिया गया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement